'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना वरिष्ठ महिलाओं के लिए बड़ी सौगात-प्रो. जयन्त खोत
प्रो. खोत ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, खेल, प्रशासन, कला, विज्ञान और अन्य सभी क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही हैं।
प्रतापगढ़। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ बुधवार को किया गया। साथ ही रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की समस्त बसों में 27 अगस्त प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त रात्रि 12 बजे तक नि:शुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रतापगढ़ के तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में किया गया। कार्यक्रम का अवलोकन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लखनऊ के अध्यक्ष प्रो. जयन्त खोत, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य कुमार प्रजापति, उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रतापगढ़ डिपो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. जयन्त खोत ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना प्रदेश की वरिष्ठ महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल है। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में बिना शुल्क यात्रा की सुविधा का लाभ उठा सकेंगी। प्रो. खोत ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, खेल, प्रशासन, कला, विज्ञान और अन्य सभी क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि प्रो. जयन्त खोत ने उपस्थित महिलाओं को मिष्ठान एवं परिधान भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।कार्यक्रम के अंत में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य कुमार प्रजापति ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में प्रतापगढ़ डिपो के अधिकारी एवं कर्मचारी सुरेश चन्द्र पाण्डेय, शिवाकान्त मिश्रा, सुरेन्द्र सिंह, रत्नाकर तिवारी, बृजेश सिंह, जय प्रकाश, सत्य प्रकाश सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय सहायक प्रथम महेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
#YOGIADITYANATH #UPGovernment #UPNews #RakshaBandhan #रक्षाबंधन #LokmataAhilyabai #MatrushaktiYatra #AhilyabaiHolkar #SeniorWomen #WomenEmpowerment #FreeBusTravel #UttarPradeshNews #PratapgarhNews #प्रतापगढ़समाचार #लोकमाताअहिल्याबाई #मातृशक्तियात्रा #वरिष्ठमहिलाएं #महिलासशक्तिकरण #महिलासम्मान #मुफ्तबसयात्रा #योगीआदित्यनाथ #UPRoadways #UPSRTC #महिलाकल्याण #WomenSafety


Comments