नवीनतम
राजनीति
नेपाल से खरीदारी करने पहुंचे लोग, सीमा पर कड़ी जांच के बाद मिली एंट्री
बलरामपुर - भारत-नेपाल सीमा के समीप स्थित बालापुर के साप्ताहिक बाजार में इस सप्ताह फिर से रौनक लौट आई है। नेपाल में बीते दिनों लगे कर्फ्यू के हटने के बाद अब वहां की स्थिति सामान्य हो गई है और सीमा पर आवाजाही दोबारा शुरू हो चुकी है। इसके चलते बड़ी संख्या में नेपाली नागरिक—महिलाएं, पुरुष और बच्चे—खरीदारी के लिए बालापुर बाजार पहुंचे।
पिछले सप्ताह नेपाल के कुछ क्षेत्रों में अशांति के कारण सरकार ने कर्फ्यू लगा दिया था। इसके परिणामस्वरूप भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई थी और आम आवाजाही पर रोक थी। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के बाजारों, खासकर बालापुर के साप्ताहिक बाजार, पर असर पड़ा था। नेपाली ग्राहकों की अनुपस्थिति से बाजार सूना हो गया था और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा था।

अब जब नेपाल में हालात सामान्य हो गए हैं, तो जनजीवन के साथ-साथ सीमावर्ती व्यापार भी पटरी पर लौटने लगा है। नेपाल के गढ़वा और कोयलाबास क्षेत्र से आए नागरिक नारायण बहादुर और मोनिका ने बताया कि वे आवश्यक वस्तुएं खरीदने बालापुर आए हैं। उन्होंने बताया कि सीमा पार करते समय भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा पहचान पत्रों की जांच की जाती है और नेपाल लौटते समय सामान की भी तलाशी ली जाती है।
बाजार में नेपाली नागरिकों की वापसी से स्थानीय व्यापारियों में उत्साह है। दुकानदार रामप्रसाद, राकेश गुप्ता, राहुल और शफीक ने कहा कि नेपाल से आने वाले ग्राहकों से उन्हें अच्छा व्यापार मिलता है और बाजार की रौनक बनी रहती है। नेपाल से लगी सीमाओं पर शांति लौटने से दोनों देशों के सीमावर्ती नागरिकों को राहत मिली है और आपसी व्यापारिक संबंध फिर से मजबूत होने लगे हैं।


Comments