कायाकल्प अभियान के कार्यों में तेजी लाने का डीडीसी ने दिया निर्देश
सदर अस्पताल और हरदी स्वास्थ्य उपकेंद्र में चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने को कहा
सुपौल। कायाकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न विभागों एवं प्रखंडों के माध्यम से कराए जा रहे विकास कार्यों का उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सदर अस्पताल सुपौल परिसर में चल रहे कार्यों का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने सदर अस्पताल के पूरे परिसर का मुआयना कर कायाकल्प अभियान के तहत कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। मौके पर अस्पताल के उपाधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे। संबंधित पदाधिकारियों ने उन्हें अभियान के तहत अस्पताल परिसर में कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।
डीडीसी ने कहा कि सदर अस्पताल का परिसर काफी बड़ा है। ऐसे में यहां चल रहे कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यों में पर्याप्त संख्या में मजदूरों को लगाया जाए, ताकि निर्धारित समय पर निर्माण कार्य पूरा हो सके और उसका लाभ धरातल पर दिखाई दे।
इसके बाद उप विकास आयुक्त ने हरदी में कायाकल्प अभियान के तहत बनाए जा रहे चहारदीवारी निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र परिसर की चहारदीवारी का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। केवल गेट लगाने का कार्य शेष है। इस पर डीडीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को जल्द से जल्द गेट लगवाकर निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।


Comments