लखनऊ में चाइनीज मांझे का कहर, अंडा व्यापारी का गला कटा
राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
लखनऊ।
राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। वृंदावन योजना सेक्टर-5 स्थित रमजान नगर चौराहे के पास मंगलवार शाम बाइक से घर लौट रहे 55 वर्षीय अंडा व्यापारी रमजान अली का गला मांझे की चपेट में आने से कट गया। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान गले में सात टांके लगाए गए। परिजनों के मुताबिक, हादसे में उनके गले की दो नसें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तेलीबाग के गांधी नगर निवासी रमजान अली पुत्र अजीम उल्ला अंडों का कारोबार करते हैं। मंगलवार शाम दुकानों पर अंडों की आपूर्ति करने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वृंदावन योजना सेक्टर-5 में रमजान नगर चौराहे से पहले अचानक उनके गले में चाइनीज मांझा उलझ गया। मांझे की धार से उनका गला कट गया और खून बहने लगा।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यापारी की मदद की। लोगों ने गले पर गमछा बांधकर खून रोकने का प्रयास किया और उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उनके गले में सात टांके लगाए गए। समय पर उपचार मिलने से उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
चाइनीज और नायलॉन मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद इस तरह की घटनाएं आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। सड़क पर बाइक से सफर करने वाले लोग भी इस अदृश्य खतरे की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में प्रतिबंधित मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत है।
हादसे ने पीजीआई क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस-प्रशासन इस खतरे पर अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाता है या नहीं, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति को इस तरह की घटना का शिकार न होना पड़े।
swatantra prabhat lucknow news swatantra prabhat news uttar pradesh news lucknow crime news Road safety awareness Lucknow Latest News public safety news Nylon Manjha Chinese Manjha Accident Chinese Kite String Ban Ramzan Ali Accident PGI Lucknow News Vrindavan Yojana News Ramzan Nagar Crossing Dangerous Kite String Kite String Injury Banned Chinese Manjha Motorcycle Accident Lucknow Egg Trader Injured Chinese Manjha Victim Prohibited Kite String Manjha Ban Enforcement Road Accident News India PGI Police Station


Comments