कानपुर में भोर होते ही पुलिस का महा एक्शन! 135 जवानों ने घेरा कंजरपुरवा, 11 किलो गांजा बरामद, तीन गिरफ्तार

ड्रोन से हुई निगरानी, पांच टीमों ने एक साथ मारा छापा; गांजे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की तलाश तेज

Abhinav Shukla Picture
Published On

कानपुर। शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने रविवार तड़के बड़ा अभियान चलाया। थाना किदवई नगर क्षेत्र के कंजरपुरवा मोहल्ले में सुबह करीब पांच बजे अचानक 135 पुलिसकर्मियों की फौज उतर पड़ी। चार थानों की संयुक्त पुलिस टीमों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर पांच अलग-अलग टीमें बनाईं और एक साथ सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में डीसीपी साउथ के नेतृत्व तथा एसीपी घाटमपुर के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान ड्रोन कैमरों से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। पुलिस को कंजरपुरवा में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और बाहरी लोगों के यहां से गांजा खरीदकर ले जाने की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर रविवार, 1 नवंबर को योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की गई।
 
अभियान के दौरान पुलिस की घेराबंदी देखकर कुछ लोगों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। अब तक की कार्रवाई में सागर, अरमान और एक महिला समेत कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
 
 इस कार्रवाई में थाना किदवई नगर, बाबूपुरवा, जूही और गोविंद नगर की पुलिस टीमें शामिल रहीं। पांच टीमों ने मोहल्ले के अलग-अलग स्थानों पर तलाशी और चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की अन्य टीमें भी अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।
 
पुलिस की नजर अब केवल बरामद गांजे तक सीमित नहीं है, बल्कि इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर भी है। बाहर से आकर मादक पदार्थ खरीदने वाले लोगों और इस धंधे में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।
 
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कंजरपुरवा में हुई यह कार्रवाई इसी मुहिम का हिस्सा है। अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच में इस अवैध कारोबार से जुड़े कितने और चेहरे सामने आते हैं।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें