फीचर्ड

सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत जनपद में 22 नवम्बर को मनाया जाएगा पोलियो बूथ दिवस

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय एवं प्रभावी निगरानी के साथ कार्य करने के दिए निर्देश

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही, । जनपद में सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। अभियान के अंतर्गत दिनांक 22 नवम्बर 2026 को पोलियो बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत 23 नवम्बर से 27 नवम्बर 2026 तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर भ्रमण कर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहने पाए, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के साथ ही बूथों पर आवश्यक वैक्सीन, वैक्सीनेटर, कोल्ड चेन एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अभियान की नियमित निगरानी करते हुए शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए।

जनपद की कुल आबादी 19,05,702 है, जिसमें 0 से 5 वर्ष तक के अनुमानित 2,72,022 बच्चे हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद में कुल 643 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। घर-घर भ्रमण के लिए 457 टीमें गठित की गई हैं तथा अभियान की निगरानी के लिए 160 पर्यवेक्षक और 1,947 टीकाकरण कर्मियों की तैनाती की गई है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान की तैयारियों के अंतर्गत सभी बूथों एवं घर-घर भ्रमण करने वाली टीमों के लिए माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। टीकाकरण कार्य में लगाए गए कर्मचारियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वैक्सीन की सुरक्षित उपलब्धता एवं निर्धारित तापमान पर रखरखाव के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। जनपद में 27 डीप फ्रीजर, 29 आईएलआर सहित आवश्यक कोल्ड चेन उपकरण उपलब्ध हैं।

अभियान के दौरान 22 नवम्बर को बूथ दिवस पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 27 नवम्बर तक घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जो किसी कारणवश बूथ दिवस पर खुराक पीने से छूट गए हों। इसके अतिरिक्त छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए बी-टीम द्वारा 30 नवम्बर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में पोस्टर, बैनर, मुनादी तथा अन्य संचार माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं सामुदायिक सदस्यों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को 22 नवम्बर को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। साथ ही घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ओपी शुक्ला एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार