बैंक से रुपये लेकर भागने के मामले में दो बाल अपचारी हिरासत में, 16 हजार रुपये और बाइक बरामद
विंध्याचल पुलिस ने लूट के मामले में की कार्रवाई, बरामद मोटरसाइकिल का घटना में इस्तेमाल होने का दावा
मीरजापुर।
मीरजापुर, 29 अक्टूबर। विंध्याचल थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे व्यक्ति से पैसे लेकर भागने के मामले में पुलिस ने दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पियरीभीट निवासी इंद्रमणि बिंद पुत्र स्वर्गीय झगड़ू बिंद ने 27 अक्टूबर को विंध्याचल थाने में तहरीर देकर अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों पर बैंक से निकाले गए रुपये लेकर भागने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 300/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपियों की तलाश और घटना से संबंधित सामान की बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 29 अक्टूबर को गैपुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश चंद द्विवेदी ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने उनके कब्जे से 16 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की। मामले में बीएनएस की धारा 304(2) और 317(2) भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों बाल अपचारियों को संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर बाल सुधार गृह भेज दिया।


Comments