देव सूर्य मंदिर की तर्ज पर संवरेगा कोठियां-नरांव का मनोकामना पूर्ण सूर्यमंदिर
छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर ग्रामीणों और मंदिर समिति की बैठक, व्रतियों के ठहरने व भंडारे की होगी व्यवस्था
छपरा/गरखा (सारण)। छठ महापर्व को लेकर गरखा प्रखंड के कोठियां-नरांव स्थित मनोकामना पूर्ण सूर्यमंदिर परिसर में ग्रामीणों और मंदिर प्रबंधन समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर के सौंदर्यीकरण, सूर्यकुंड की सजावट और छठ व्रतियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मंदिर को देव सूर्य मंदिर की तर्ज पर विकसित और आकर्षक बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता प्रबंधन समिति के वरिष्ठ सदस्य शंभू सिंह ने की, जबकि संचालन राजेश कुमार तिवारी ने किया। बैठक में मंदिर परिसर के रंग-रोगन और सूर्यकुंड को विशेष रूप से सजाने पर सहमति बनी। साथ ही, मंदिर क्षेत्र के लोगों से वार्षिक सदस्यता सहयोग राशि जुटाने और इस कार्य के लिए सक्रिय सदस्यों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया।
1100 रुपये वार्षिक सदस्यता पर जोर:
मंदिर के सौंदर्यीकरण और छठ व्रतियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 1100 रुपये की वार्षिक सदस्यता सहयोग राशि निर्धारित करने पर जोर दिया गया। समिति का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक और सामाजिक कार्य में भागीदारी निभाएं।
छठ व्रतियों के ठहरने और भंडारे की होगी व्यवस्था:
बैठक में निर्णय लिया गया कि छठ महापर्व के दौरान मंदिर परिसर में आने वाले व्रतियों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से छठ करने आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और उनके लिए भंडारे की व्यवस्था समिति की ओर से की जाएगी।
Read More एकमा में प्रखंड स्तरीय वासंतिक (रबी) कार्यशाला आयोजित, किसानों को दी गई खेती की तकनीकी जानकारीसदस्यों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां:
बैठक में सूर्य नारायण मंदिर सेवा समिति के लिए पुजारी के साथ संयुक्त बैंक खाता खोलने पर सहमति बनी। इसके लिए अयोध्या निवासी एवं वर्तमान में मंदिर के सहायक पुजारी भाष्कर बाबा, समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह और सचिव संतोष कुमार सिंह के नाम पर खाता खोलने का प्रस्ताव रखा गया।
मंदिर परिसर में लाइटिंग और तोरण द्वार की व्यवस्था की जिम्मेदारी नरांव पंचायत के मुखिया कामाख्या सिंह को सौंपी गई। वहीं, सूर्यकुंड की सजावट और सुरक्षा की जिम्मेदारी पंचायत के सरपंच ओम कृष्ण उर्फ ठाकुर साहेब को दी गई। मंदिर परिसर और घाट की सजावट एवं रंग-रोगन का कार्य प्रबंधन समिति के सदस्य रमेश सिंह को सौंपा गया।
श्रद्धालुओं के ठहरने और भंडारे की व्यवस्था की जिम्मेदारी मोहन सिंह, शिवजी सिंह, महेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य सदस्यों को दी गई। वहीं, कार्यालय संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी शिक्षक अजय सिंह, प्रवीण उर्फ जयराम सिंह और संतोष सिंह को सौंपी गई।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने छठ महापर्व को व्यवस्थित, सुविधाजनक और भव्य बनाने के लिए सामूहिक रूप से सहयोग करने का संकल्प लिया।


Comments