कानपुर में जारी रफ्तार का कहर, मां और दुधमुही बच्ची की मौत

विरोध में लगाया घंटों जाम 

हर्षिता यादव  Picture
Published On

कानपुर। नशे में तेज रफ्तार से वाहन चलाने की आदत लोगों की असमय ही जान लेने में सफल हो रही है। आज शनिवार को ऐसे ही एक हादसे में पनकी स्थित न्यू ट्रांसपोर्ट नगर में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां और आठ माह की बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि  गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा भी किया। जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया।

प्राप्त विवरण के मुताबिक  आज शनिवार सुबह सचेंडी थाना क्षेत्र के जुगराजपुर निवासी सुमित पत्नी संजना उर्फ दीक्षा (25) और 8 महीने की बेटी अनन्या के साथ बाइक से दवा लेने जा रहे थे। भौंती बाईपास के पास पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुमित उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि पत्नी और बेटी कंटेनर की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने कंटेनर रुकवाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंटेनर कब्जे में लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। पत्नी और बेटी की मौत से सुमित बदहवास हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि बीते रविवार को ही बच्ची का मुंडन कराया था। परिवार अभी इस खुशी से उबरा भी नहीं था कि हादसे में मां-बेटी की जान चली गई। जिस बच्ची के लिए दवा लेने निकले थे, उसे हमेशा के लिए खो देने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

इस घटना के दौरान परिजनों ने कंटेनर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हाईवे के लिंक रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना पर सचेंडी, कल्याणपुर और पनकी थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने परिजनों को घंटा समझने के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने बताया मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें