आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पिंक डे का आयोजन, महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष जोर

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पिंक डे के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को फन एंड सिटी, धनरुआ में अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

Abhinav Shukla Picture
Published On

धनरुआ। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पिंक डे के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को फन एंड सिटी, धनरुआ में अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), धनरुआ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज भूषण की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग, जीविका और झपाइगो के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
 
कार्यशाला में जीविका की राज्य स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधक सौम्या सहित जीविका के राज्य, जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, झपाइगो के राज्य प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पिंक डे के माध्यम से महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और इसके प्रभावी संचालन की रणनीति तैयार करना था।
 
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सौम्या ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार के लिए जीविका और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं, झपाइगो के राज्य प्रतिनिधि ने पिंक डे के व्यवस्थित संचालन और महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
 
एनीमिया से लेकर कैंसर की प्रारंभिक जांच तक मिलेगी जानकारी
 
कार्यशाला में पिंक डे को एक निर्धारित दिवस के रूप में आयोजित करने की योजना पर चर्चा की गई। इसके तहत महिलाओं को मातृ एवं प्रजनन स्वास्थ्य, एनीमिया नियंत्रण, पोषण संबंधी परामर्श, स्तन कैंसर एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की प्रारंभिक जांच तथा गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
 
साथ ही, जीविका के स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण एवं सामुदायिक स्तर पर महिलाओं को जागरूक करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक जांच, परामर्श और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि महिलाएं समय पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कराकर उचित उपचार प्राप्त कर सकें।
 
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पिंक डे को महिला स्वास्थ्य जागरूकता एवं सशक्तीकरण का प्रभावी मंच बनाने का संकल्प लिया। साथ ही, महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए जीविका और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति जताई गई। कार्यक्रम में ब्लॉक हेल्थ मैनेजर रामनारायण प्रसाद सहित अस्पताल के कर्मी उपस्थित थे।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार