सीसामऊ में सियासी हलचल तेज, अभिनेता अनूप अवस्थी ‘अन्नू’ ने बढ़ाया जनसंपर्क का दायरा
सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी हैं। इसी बीच फिल्म अभिनेता अनूप अवस्थी ‘अन्नू’ की क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है।
कानपुर। सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी हैं। इसी बीच फिल्म अभिनेता अनूप अवस्थी ‘अन्नू’ की क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है। रविवार को उनके नेतृत्व में मित्र मिलन समारोह एवं देवदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत लालबंगला क्षेत्र स्थित कार बाजार से हुई। इसके बाद अनूप अवस्थी ने जूही, गीता रोड, गुंजन टॉकीज, रायपुरवा, संगीत टॉकीज चौराहा, ज्वाला देवी चौराहा, प्रेमनगर, पी रोड और बजरिया बाल सहित सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों का भ्रमण किया। जगह-जगह स्थानीय लोगों और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
देवदर्शन कार्यक्रम के दौरान ज्वाला देवी मंदिर, बंकेश्वर मंदिर, पुरानीगंज स्थित पांडे वाला मंदिर तथा ज्वालाटोली स्थित परशुराम वाटिका में पहुंचकर अनूप अवस्थी ने पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम के समापन पर लालबंगला नगर स्थित कार बाजार में आयोजित मित्र मिलन समारोह में बड़ी संख्या में समर्थक, स्थानीय नागरिक, अधिवक्ता, भाजपा कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान सांसद रमेश अवस्थी, महामंडलेश्वर मनोजानंद गिरि महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी से जुड़े लोग कार्यक्रम में दिखाई दिए।
अनूप अवस्थी ‘अन्नू’ ने कहा कि मित्र मिलन और देवदर्शन के माध्यम से सीसामऊ क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के साथ क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनके विचार और समस्याएं जानने का अवसर मिला।
हालांकि कार्यक्रम को लेकर सीसामऊ विधानसभा में अनूप अवस्थी ‘अन्नू’ की संभावित राजनीतिक दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लगातार क्षेत्रीय भ्रमण और जनसंपर्क को राजनीतिक जानकार आने वाले समय की उनकी रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सीसामऊ में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता ने मुकाबले को लेकर चर्चाओं को और दिलचस्प बना दिया है।
#SwatantraPrabhat #UPPolitics #KanpurNews #UttarPradeshNews #KanpurPolitics #JanSampark #ElectionNews #PoliticalEvent #ElectionPreparation #RameshAwasthi #KanpurBJP #PublicOutreach #AssemblyElection #PoliticalActivity #PoliticalBuzz #Sisamau #SisamauAssembly #AnupAwasthi #AnnuAwasthi #MitraMilan #DevDarshan #JwalaDeviTemple #BankeyshwarTemple #ReligiousVisit #SisamauNews


Comments