चोरी की मोटरसाइकिल समेत युवक गिरफ्तार, बैंक के बाहर से उड़ाई थी बाइक

सितारगंज कोतवाली पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह मोटरसाइकिल 23 जून को सितारगंज स्थित यूनियन बैंक के बाहर से चोरी की थी।

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। सितारगंज कोतवाली पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह मोटरसाइकिल 23 जून को सितारगंज स्थित यूनियन बैंक के बाहर से चोरी की थी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक लेकर जा रहे युवक को पकड़कर पूछताछ की तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ। आरोपी के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल के आगे और पीछे नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में चोरी की संपत्ति रखने से संबंधित धारा बढ़ाते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 9 अक्टूबर की रात उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी कर रहे थे। रात करीब 11:41 बजे सिद्ध गर्बियाल गेट के पास एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय बाइक को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
 
पुलिस ने बाइक चालक से मोटरसाइकिल के कागजात मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मोटरसाइकिल पर आगे और पीछे नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। संदेह होने पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने उक्त मोटरसाइकिल 23 जून  को दोपहर के समय यूनियन बैंक, सितारगंज के बाहर से चोरी की थी।
 
इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल के संबंध में कोतवाली सितारगंज के अभिलेखों की जांच की।  आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ कुमार (19 वर्ष) पुत्र बबलू निवासी ग्राम सेनाधर, मुड़िया कॉलोनी, थाना मिलकखानम, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित खेड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से काले रंग की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। 
 
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल कमल गहतोड़ी और कांस्टेबल अर्जुन मन्याल शामिल रहे। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें