आगामी त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, करनैलगंज व बालपुर बाजार में छापेमारी

घी के दो नमूने संग्रहित, संदेह के आधार पर लगभग 160 किलो घी सीज; कुट्टू एवं सिंघाड़े के आटे की भी हुई जांच

Abhinav Shukla Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात संवाददाता 
 
गोण्डा।
 
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने करनैलगंज बाजार एवं बालपुर बाजार 190504में निरीक्षण एवं छापेमारी की। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में की गई। अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई और संदिग्ध सामग्री के नमूने संग्रहित किए गए।
 
निरीक्षण के दौरान करनैलगंज बाजार में विकास कुमार शुक्ला के प्रतिष्ठान से घी के दो नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही, घी की गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर लगभग 160 किलोग्राम घी सीज किया गया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है।
 
इसी क्रम में टीम ने बालपुर बाजार में कुट्टू के आटे का नमूना संग्रहित किया। इसके अतिरिक्त अंश मणि त्रिपाठी के प्रतिष्ठान सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर कुट्टू के आटे एवं सिंघाड़े के आटे की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, गुणवत्ता और सुरक्षित उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।विभाग ने कुट्टू के आटे के संबंध में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए बताया कि यह हाइग्रोस्कोपिक प्रकृति का होता है, अर्थात वातावरण से नमी अवशोषित कर सकता है। इसलिए इसे अधिक समय तक भंडारित करने और पुराना आटा बेचने से बचना चाहिए। उपभोक्ताओं को भी इसकी गुणवत्ता एवं ताजगी का ध्यान रखने तथा सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
 
छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार, मनीष मल्ल, अंकुर मिश्रा एवं नन्द किशोर यादव शामिल रहे। अभिहित अधिकारी अजीत कुमार मिश्रा के निर्देश में कार्रवाई संपादित की गई।
 
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खाद्य पदार्थों से संबंधित प्रतिष्ठानों का नियमित एवं रैंडम निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि खाद्य सामग्री में किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की आशंका पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें