गड़बड़ा धाम में नवरात्र मेले की तैयारियां पूरी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
40 सफाईकर्मी दो पालियों में संभालेंगे सफाई की कमान, पांच पुजारी और 10 वालंटियर कराएंगे दर्शन पूजन।
मीरजापुर।
मीरजापुर।शारदीय नवरात्र मेले को लेकर हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नवरात्र के दौरान मां के दर्शन-पूजन के लिए मध्यप्रदेश के सीधी, रीवा, सिंगरौली और सतना सहित उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, सोनभद्र और भदोही से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। हलिया थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में हलिया, संतनगर और ड्रमंडगंज थानों की पुलिस के साथ एक प्लाटून पीएसी तैनात रहेगी।
Read More मंधना स्टेशन बनेगा बड़ा टर्मिनल! एलिवेटेड कॉरिडोर से पहले पार्किंग-ट्रांसपोर्ट की तैयारी तेज
इसके अलावा अग्निशमन वाहन की व्यवस्था भी की गई है। मंदिर परिसर में महिला कांस्टेबल की तैनाती रहेगी, ताकि महिला श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहेंगे। एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि मेला क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए 40 सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

पहली पाली में 25 और दूसरी पाली में 15 सफाईकर्मी तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के लिए स्नान घाटों पर कपड़े बदलने हेतु पर्दे भी लगाए गए हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंदिर प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ल सुभाष चन्द्र शुक्ल व ज्ञान चंद शुक्ला ने बताया कि दर्शन-पूजन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पांच पुजारी और 10 वालंटियर तैनात रहेंगे।
मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। वालंटियर श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान आवश्यक सहयोग देने और व्यवस्था बनाए रखने में मदद करेंगे। नवरात्र मेले में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण में मां शीतला का दर्शन कराने के लिए संबंधित व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया गया है। पुलिस बल की तैनाती, सफाईकर्मियों की दो पालियों में ड्यूटी और सीसीटीवी निगरानी के जरिए मेले के दौरान सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया जाएगा।


Comments