थाईलैंड की महिला से दोस्ती, शादी और बिजनेस के नाम पर ₹60 लाख हड़पने का आरोप; कानपुर में इरफान गिरफ्तार
भारत लौटने पर खुला राज—पहले से शादीशुदा निकला आरोपी, तीन बच्चों का पिता; जबरन हिजाब पहनाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
कानपुर। अनवरगंज थाना पुलिस ने थाईलैंड निवासी एक महिला से कथित तौर पर दोस्ती, शादी और बिजनेस के नाम पर करीब 60 लाख रुपये हड़पने के मामले में आरोपी इरफान पुत्र चांद, निवासी दललेपुरवा बैंक ऑफ बड़ौदा के पास, थाना अनवरगंज, को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र 37 वर्ष है और उसे 6 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे पान दरिबा तिराहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक थाईलैंड निवासी महिला ने थाने में शिकायत दी थी कि वर्ष 2022 में उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से इरफान से पहचान हुई थी। इसके बाद इरफान थाईलैंड गया और कथित रूप से महिला से शादी तथा बिजनेस करने के नाम पर अपने साथी रेहान और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उससे 60 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद इरफान भारत लौट आया।
महिला द्वारा इरफान से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो कथित तौर पर उसे बताया गया कि मुस्लिम धर्म अपनाने पर ही उसे अपनाया जाएगा। इसके बाद महिला भारत पहुंची और इरफान के घर गई। वहां उसे पता चला कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं।
शिकायत के अनुसार, महिला ने जब इस बात का विरोध किया तो इरफान और उसके पिता चांद द्वारा उसे कथित रूप से जबरन हिजाब पहनाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया गया।
महिला की शिकायत पर थाना अनवरगंज में मु0अ0सं0 100/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर जारी है।
#UPNews #CrimeNews #SwatantraPrabhat #KanpurNews #UttarPradeshNews #KanpurPolice #PoliceAction #BNS #CrimeUpdate #KanpurCrime #कानपुर #FraudCase #ThailandWoman #MarriageFraud #BusinessFraud #60LakhFraud #IrfanArrested #AnwarganjPolice #CyberFriendship #InstagramFriendship #FakeMarriage #InterfaithMarriage #ReligiousConversion #FraudNews #थाईलैंडमहिला


Comments