कररुआ नदी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत
दो बच्चे बाल-बाल बचे
धनरुआ। धनरुआ थाना क्षेत्र के पभेड़ा पंचायत अंतर्गत सिरिया गांव में रविवार सुबह कररुआ नदी में नहाने के दौरान डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के दौरान उसके साथ नहा रहे दो अन्य बच्चे किसी तरह सुरक्षित नदी से बाहर निकलने में सफल रहे।
मृतक की पहचान सिरिया गांव निवासी अमर पासवान के 10 वर्षीय पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह सुमन कुमार गांव के समीप स्थित कररुआ नदी में दो अन्य बच्चों के साथ नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथ मौजूद दोनों बच्चों ने किसी तरह नदी से बाहर निकलकर घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सुमन की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है।
धनंजय कुमार की रिपोर्ट।


Comments