वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान, 10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान भिड़ेंगे
2 अक्टूबर से शुरू होगा टूर्नामेंट, 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा फाइनल
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने वनडे विश्व कप 2027 के पूरे कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और मुकाबले तीन देशों के 12 आयोजन स्थलों पर खेले जाएंगे।
विश्व कप का कार्यक्रम केपटाउन स्थित जाइट्ज म्यूजियम ऑफ कंटेम्पररी आर्ट अफ्रीका में जारी किया गया। इस बार टूर्नामेंट का प्रारूप भी बदला गया है। शुरुआत तीन टीमों की सुपर सीरीज से होगी, जिसमें 14 टीमों में सबसे निचली रैंकिंग वाली तीन टीमें हिस्सा लेंगी। इसके बाद 12 टीमों को छह-छह के दो समूहों में बांटा जाएगा। दोनों समूहों के मुकाबलों के बाद शीर्ष सात टीमें सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
एक ही समूह में भारत-पाकिस्तान
भारत और पाकिस्तान को एक ही समूह में रखा गया है। ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर-ए की टीम शामिल होगी। ग्रुप-बी में बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और क्वालिफायर-बी की टीम होगी।
भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में करेगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को भारत का सामना अफगानिस्तान से त्शवाने में होगा। 17 अक्टूबर को भारत क्वालिफायर-ए और 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगा।
2 अक्टूबर से शुरू होगा विश्व कप
विश्व कप की शुरुआत 2 अक्टूबर को विंडहोक में सुपर सीरीज के मुकाबले से होगी। ग्रुप चरण के मुकाबले 7 अक्टूबर से शुरू होंगे। इसके बाद 25 अक्टूबर से सुपर-7 चरण खेला जाएगा। टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 17 नवंबर को केपटाउन और दूसरा सेमीफाइनल 18 नवंबर को त्शवाने में होगा। फाइनल 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में निर्धारित है।
भारत के ग्रुप चरण के मुकाबले
- 7 अक्टूबर 2027: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — केपटाउन
- 10 अक्टूबर 2027: भारत बनाम पाकिस्तान — जोहान्सबर्ग
- 14 अक्टूबर 2027: भारत बनाम अफगानिस्तान — त्शवाने
- 17 अक्टूबर 2027: भारत बनाम क्वालिफायर-ए — ब्लोमफोंटेन
- 24 अक्टूबर 2027: भारत बनाम जिम्बाब्वे — विक्टोरिया फॉल्स
विश्व कप के सभी मुकाबले दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के 12 आयोजन स्थलों पर होंगे। आईसीसी के अनुसार टूर्नामेंट में कुल 57 मैच खेले जाएंगे।


Comments