विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जनजागरूकता रैली को दिखाई गई हरी झंडी
01 से 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 12 से 31 अक्टूबर तक संचालित होगा दस्तक अभियान
अमेठी। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। जिला संयुक्त चिकित्सालय गौरीगंज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, डॉ प्रदीप तिवारी तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका परिषद गौरीगंज, पंचायती राज विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से संचारी रोगों की रोकथाम के लिए किए जाने वाले उपायों की जानकारी दी गई।
साथ ही वेक्टर जनित रोगों के नियंत्रण में उपयोग की जाने वाली फॉगिंग मशीन एवं एंटी लार्वल मशीन का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित 11 विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण को प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा एवं एएनएम के माध्यम से घर-घर भ्रमण कर बुखार के रोगियों, आईएलआई (इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस) रोगियों तथा क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची तैयार की जाएगी। साथ ही लोगों को मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी तथा घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, वेक्टर सर्वेक्षण करने एवं बुखार से पीड़ित व्यक्तियों को जांच एवं उपचार के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों द्वारा शहरी क्षेत्रों में नालियों की सफाई, लार्वानाशी दवाओं का छिड़काव, कूड़ा निस्तारण तथा फॉगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पर्यावरणीय स्वच्छता, नालियों की सफाई, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, हैंडपंपों एवं उनके प्लेटफार्म की मरम्मत तथा खुले में शौच से मुक्ति संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा अनावश्यक जलभराव की स्थितियों को समाप्त करने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर उन्हें आवश्यक पोषण एवं उपचार उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्रों में भी भेजा जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. लईकुज्जमा, डॉ. पी.के. उपाध्याय (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. प्रदीप तिवारी (नोडल अधिकारी, वीबीडी), विजय गुप्ता (सीडीपीओ), लाल साहब सिंह (जिला मलेरिया अधिकारी), सुशील कुमार (सहायक मलेरिया अधिकारी), विनोद कुमार सोनी एवं प्रदीप मिश्रा (मलेरिया निरीक्षक), विनीत कुमार मौर्य (जिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता) सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे जनपद को संचारी रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।
#SwatantraPrabhat #स्वच्छताअभियान #अमेठीसमाचार #HealthAwareness #DiseasePrevention #स्वच्छपेयजल #स्वास्थ्यजागरूकता #दस्तकअभियान #फॉगिंगअभियान #DenguePrevention #MalariaPrevention #DastakAbhiyan #Amethi #HealthCampaign #CommunicableDiseaseControl #AmethiHealth #Gauriganj #VectorBorneDiseases #संचारीरोगनियंत्रण #मच्छरजनितरोग #डेंगूबचाव #मलेरियाबचाव #एंटीर्लावाअभियान #घरघरजांच #जनस्वास्थ्य


Comments