मानदेय को लेकर बैंक सखी और आजीविका सखियों ने विधायक के सामने उठाया मामला
कथित मनमानी का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और बकाया मानदेय का भुगतान कराने की मांग की
बस्ती। जिले केहर्रैयाब्लॉक परिसर में चल रहे पांच दिवसीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान बुधवार को बैंक सखी, आजीविका सखी और समूह सखियों ने अपने मानदेय से जुड़ी समस्या को हर्रैया विधायक अजय सिंह के सामने रखा।
सखियों ने आरोप लगाया कि दिसंबर 2024 से उनका मानदेय लंबित है, जबकि करीब चार माह पूर्व भुगतान सीएलएफ (संकुल स्तरीय संघ) में पहुंच चुका है।
पीड़ित सखियों का आरोप है कि मानदेय के भुगतान को लेकर वे लंबे समय से ब्लॉक से लेकर जिले के जिम्मेदार अधिकारियों तक चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। सखियों ने ब्लॉक मिशन प्रबंधक पूनम पटेल पर कथित मनमानी का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और बकाया मानदेय का भुगतान कराने की मांग की।
सखियों का कहना है कि इस मामले में खंड विकास अधिकारी की रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से उनमें नाराजगी है। उनका आरोप है कि अधिकारियों के समक्ष शिकायत रखने के बाद भी उन्हें लगातार आश्वासन ही मिल रहा है।
बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के दौरान जब सखियों ने विधायक अजय सिंह के सामने अपनी पीड़ा रखी तो उन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए सखियों के पक्ष में उचित निर्णय दिलाने का आश्वासन दिया।
चार माह से भुगतान लंबित होने का दावा, उठे सवाल
सखियों का कहना है कि यदि भुगतान वास्तव में चार माह पूर्व सीएलएफ तक पहुंच चुका है, तो फिर उनका मानदेय अब तक उनके खातों में क्यों नहीं पहुंचा? आखिर भुगतान की प्रक्रिया में देरी के लिए जिम्मेदार कौन है?अब सखियों को विधायक के आश्वासन से न्याय की उम्मीद जगी है।
#UPNews #RuralDevelopment #SwatantraPrabhat #Basti #BastiNews #Harraiya #हर्रैया #WomenEmpowerment #UttarPradeshNews #HarraiyaNews #SevaSankalpAbhiyan #बस्ती #SelfHelpGroup #BastiNewsUpdate #RuralWomen #AjaySingh #SHG #BankSakhi #AajeevikaSakhi #SakhiNews #Honorarium #PendingHonorarium #WomenWorkers #HonorariumPayment #मानदेय


Comments