ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर, छात्रों को कानून की जानकारी दी
पोक्सो, शिक्षा का अधिकार, साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
सितारगंज राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के आदेशों के क्रम में बुधवार को तहसील विधिक सेवा समिति की ओर से ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल के सभागार में विशेष कानूनी जागरूकता एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिविल जज (जू.डि.) एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट तथा तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष नन्दिता काला ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों की जानकारी दी।
न्यायिक मजिस्ट्रेट नन्दिता काला ने विद्यार्थियों को बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पोक्सो), शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) और लोक अदालत की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए कानून महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान नन्दिता काला ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए कानून से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। छात्र-छात्राओं ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। संवादात्मक सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी व्यवहारिक उदाहरणों के साथ दी गई, जिससे उन्होंने कानून को बेहतर ढंग से समझा।
तहसील विधिक सेवा समिति के पैनल अधिवक्ता विश्वजीत रॉय और अधिवक्ता मनोरमा गुप्ता ने भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। विश्वजीत रॉय ने बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा और उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में बताया। वहीं मनोरमा गुप्ता ने नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों, साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लोगों के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया। साथ ही लोक अदालत के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सुगम निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पुनीत गोयल ने मुख्य अतिथि एवं न्यायिक टीम का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच इस तरह के विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होने से उनमें अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षा के प्रति समझ विकसित होती है। उन्होंने कहा कि कानूनी जानकारी बच्चों को किसी भी विषम परिस्थिति में उचित कदम उठाने के लिए आत्मविश्वास प्रदान करती है।
शिविर के सफल आयोजन में पैरा लीगल वालंटियर्स मनोज कुमार, नीतू, विनीता धामी, रिया गंगवार, रूपा जाटव, कृपा जाटव, निर्मल भट्ट, बलजिंदर कौर एवं जीवन सिंह बोरा ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के अलावा शिक्षकगण और कर्मचारी मौजूद रहे।
#SwatantraPrabhat #POCSOAct #CyberCrimeAwareness #CyberSafety #LokAdalat #LegalAid #OnlineFraud #DrugAwareness #PublicAwareness #बच्चोंकीसुरक्षा #UttarakhandNews #SitarganjNews #ChildRights #Nanakmatta #GreenwoodPublicSchool #LegalAwarenessCamp #विधिकसाक्षरताशिविर #कानूनीजागरूकता #RTEAct #बालअधिकार #नशामुक्तिजागरूकता #StudentsAwareness #StudentRights #कानूनकीजानकारी #EducationRights


Comments