ओबीसी जाति प्रमाण-पत्र हेतु वर्ष 1985 की बाध्यता को राज्य गठन वर्ष 2000 के अनुरूप संशोधित करने की उठी मांग

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य को सौंपा ज्ञापन

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। भारतीय जनता पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग ओबीसी मोर्चा, ऊधम सिंह नगर के जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी ने आज देहरादून आगमन पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अमरपाल मौर्य से भेंट कर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन प्रेषित किया। इस ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने उत्तराखंड के ओबीसी छात्रों, युवाओं और परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए जाति प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन करने का आग्रह किया है।
 
हाईकोर्ट के फैसलों का दिया हवाला, हर नागरिक के लिए अदालत जाना संभव नहीं: रवि रस्तोगी
 
प्रेस को जारी अपने बयान में जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन वर्ष 2000 में हुआ था। ऐसे में, ओबीसी जाति प्रमाण-पत्र के लिए वर्तमान में लागू वर्ष 1985 के निवास या संबंधित अभिलेखों की अनिवार्यता के कारण कई पात्र परिवारों को भारी व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
 
रवि रस्तोगी ने विशेष रूप से यह बात रखी कि माननीय उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) द्वारा भी वर्ष 2000 को आधार माना गया है तथा न्यायालय के आदेशों पर पूर्व में कई प्रमाण-पत्र जारी भी हुए हैं। परंतु विडंबना यह है कि हर सामान्य व्यक्ति न्याय पाने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा नहीं खटखटा सकता है, इसलिए शासन-प्रशासन स्तर पर ही इस व्यवस्था को सुगम बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अनुरोध किया कि इस जनहित के विषय पर संज्ञान लेते हुए वर्ष 1985 की बाध्यता को समाप्त किया जाए और राज्य गठन वर्ष 2000 को आधार बनाकर एक सरल एवं व्यावहारिक नियम लागू किया जाए, जिससे प्रदेश के हजारों ओबीसी परिवारों और युवाओं को अनावश्यक परेशानियों से मुक्ति मिल सके और उन्हें समय पर उनके संवैधानिक अधिकारों का लाभ मिल सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लिया विषय को संज्ञान में
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी द्वारा सौंपे गए इस ज्ञापन और तार्किक बिंदुओं को बेहद गंभीरता से सुना तथा इस पर सकारात्मक पहल करने का पूर्ण आश्वासन दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा मिले इस सकारात्मक आश्वासन से प्रदेश के ओबीसी वर्ग में हर्ष की लहर है।
इस मौके पर जिला महामंत्री संतोष चंद, अजय मौर्या, जिला उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश यादव, हरजीत राठी, राजकुमार चौधरी, राजकुमार चौहान, मंडल अध्यक्ष सितारगंज संदीप बाबा, उपाध्यक्ष जीत मौर्या सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें