पडरौना : सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान नगरपालिका की प्राथमिकता: मनीष जायसवाल
पडरौना। नगरपालिका परिषद पडरौना के जलकल भवन में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल के निर्देशन में हुआ। उनके प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर का आयोजन ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत विकसित भारत’ की थीम पर किया गया। इस दौरान सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता, आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन बनवाने की सुविधा, सुरक्षा उपकरण और आवश्यक सामग्री का वितरण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
सफाई मित्रों को कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। सफाई मित्र केवल नगर की सफाई व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ पडरौना की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान नगरपालिका परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके कल्याण के लिए शासन की योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने के साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा ‘स्वच्छ भारत का अभिमान’ संदेश के साथ सभी को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में स्टोर लिपिक महेन्द्र चौधरी, अभय मारोदिया, सफाई नायक अनिल कुमार, अरुण सिंह, आलोक विश्वकर्मा, घनश्याम यादव, मनोज सिंह, अशोक गुप्ता, अभिषेक चौधरी, नीरज दीक्षित, विनय पाण्डेय, भोला साहा सहित बड़ी संख्या में सफाई मित्र, सफाई सेवक और अन्य लाभार्थी उपस्थित रहे।


Comments