कुशीनगर : गांधी-शास्त्री जयंती पर पालिका अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण
महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, सत्य-अहिंसा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
पडरौना। गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद पडरौना के कार्यालय, जलकल परिसर और सुभाष चौक पर नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न पंडित लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।कार्यक्रम के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने नगर में स्थापित महात्मा गांधी एवं पंडित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित सभासदों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नगरवासियों ने भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के आदर्शों तथा पंडित लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के सिद्धांतों पर चलने की शपथ दिलाई गई।
नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि महात्मा गांधी और पंडित लाल बहादुर शास्त्री का जीवन एवं उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय जनसेवा, स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि पडरौना नगर की सेवा और नगरवासियों की सुविधाओं का निरंतर विस्तार नगर पालिका की प्राथमिकता है। महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर पडरौना को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं विकसित नगर बनाने के लिए पालिका परिवार लगातार कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल, सभासद संतोष मद्धेशिया, रामाश्रय गौतम, श्याम शाहा, अनिल जायसवाल, छोटे प्रसाद, कयूमुद्दीन अब्दुल्ला, छोटे, संजय शाहा, सर्वेश जायसवाल, अंकित अग्रवाल, राजेश कुशवाहा, अमित तिवारी, मनोज सिंह, आकाश वर्मा, नीरज मिश्रा, विनय पांडेय, सन्नी मिश्रा, सागर जायसवाल, सचिन शाह, अनिल पांडेय, कुंदन सिंह, आकाश पाण्डेय, विनय गौड़, पंकज सिंह एवं संदीप निगम सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Comments