पडरौना बुढ़िया माता मंदिर सरोवर परिसर में चला स्वच्छता अभियान
सेवा ही संकल्प है, स्वच्छता ही सेवा है–विनय जायसवाल
पडरौना। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण एवं जनसेवा के सफर से प्रेरणा लेते हुए “सेवा ही संकल्प, स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत श्री बुढ़िया माता मंदिर सरोवर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में मंदिर सरोवर एवं आसपास के परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। इस दौरान लोगों को धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थल हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इनकी स्वच्छता बनाए रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी नागरिकों का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ और सुंदर समाज की आधारशिला है। उन्होंने नगरवासियों से “एक दिन, एक घंटा—स्वच्छता के नाम” अभियान से जुड़ने तथा अपने आसपास के धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा किसी एक दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर चलने वाला संकल्प है। स्वच्छता इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण स्वरूप है। उन्होंने बताया कि पडरौना नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से लगातार स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अवसर पर नगर पालिका सफाई विभाग के अनिल मौर्य, घनश्याम यादव, आलोक विश्वकर्मा, आकाश वर्मा, सागर जायसवाल, रोहन विश्वकर्मा, मंदिर के महंत वीरेंद्र महाराज सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।


Comments