स्वतंत्र प्रभात संवाददाता 

सिद्धार्थनगर।
 
जिले के कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के चैनपुर चौराहे के पास सोमवार दोपहर बाइक की टक्कर लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बर्डपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
 
सदर थाना क्षेत्र के मधुबेनिया चौराहा निवासी शीला देवी (45) पत्नी शिव नारायण अग्रहरि अपनी छोटी बहन गुड़िया को देखने नेपाल निवासी राहुल के साथ बाइक से चैनपुर स्थित एक निजी अस्पताल जा रही थीं। गुड़िया नेपाल के दोहनी की निवासी हैं। एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
 
घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका शीला देवी के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सूचना पर शुद्धोधन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कपिलवस्तु कोतवाली प्रभारी विनय प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही हैं।