हाइड्रा की टक्कर से रेलवे के रिटायर्ड पेंशनर की मौत

साइकिल से नगला महादेव जा रहे थे 65 वर्षीय रामसनेही बघेल, पीछे से हाइड्रा ने मारी टक्कर

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

टूण्डला - थाना टूण्डला क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में रेलवे के 65 वर्षीय रिटायर्ड पेंशनर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा नगला महादेव बंबा के पास हुआ, जहां साइकिल से जा रहे बुजुर्ग को पीछे से आ रहे हाइड्रा ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
 
मृतक की पहचान 65 वर्षीय रामसनेही बघेल पुत्र परसादी लाल बघेल निवासी बिहारीपुर, थाना एत्मादपुर, जनपद आगरा के रूप में हुई है। बताया गया कि रामसनेही बघेल गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे साइकिल से नगला महादेव की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह नगला महादेव बंबा के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे हाइड्रा की चपेट में आ गए।
 
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों एवं स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी थाना टूण्डला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फिरोजाबाद भेज दिया। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 
हाइड्रा और चालक पुलिस के कब्जे में थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल हाइड्रा और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मार्ग पर वाहनों की गति एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें