राष्ट्रगान के बीच मंच छोड़कर जाने का आरोप, विधानसभा अध्यक्ष का वीडियो वायरल; सतीश महाना ने दी सफाई
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राष्ट्रगान के दौरान उनके मंच से नीचे उतरकर कार की ओर जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
उन्नाव। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राष्ट्रगान के दौरान उनके मंच से नीचे उतरकर कार की ओर जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो उन्नाव के एक स्कूल में आयोजित प्रधानाचार्य परिषद के अधिवेशन एवं शैक्षिक संगोष्ठी का है। कार्यक्रम में सतीश महाना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। वायरल वीडियो में राष्ट्रगान शुरू होने के दौरान महाना मंच से नीचे उतरते और हाथ जोड़कर पीछे की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद वे समर्थकों से मिलकर कार में बैठकर रवाना हो जाते हैं।
इस वीडियो को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। उन्नाव कांग्रेस कमेटी के नेता दिनेश शुक्ला ने इसे राष्ट्रगान का अपमान बताते हुए निशाना साधा है। पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल से भी वीडियो साझा कर विधानसभा अध्यक्ष से जवाब मांगा गया है।
आयोजकों और सतीश महाना ने दी सफाई
वहीं, आयोजकों का कहना है कि जिस स्थान पर सतीश महाना मौजूद थे, वहां राष्ट्रगान की आवाज स्पष्ट नहीं आ रही थी। राष्ट्रगान प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) के भीतर बज रहा था।
विवाद बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने खुद फेसबुक पोस्ट कर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने लिखा-
> "कल उन्नाव में 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिए जाने के दौरान, संयोगवश उसी समय प्रेक्षागृह के भीतर राष्ट्रगान प्रारंभ हुआ, जहां हमारी उपस्थिति नहीं थी। ये दोनों कार्यक्रम पूर्णत: अलग थे। परंतु सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो साझा कर ऐसा भ्रामक विश्लेषण किया जा रहा है, मानो राष्ट्रगान के समय हम रुके नहीं। मैं यह पूर्णतः स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ।"
उन्होंने कहा कि विधानसभा से लेकर अपने क्षेत्र तक हर अवसर पर उन्होंने, उनके कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने सदैव संविधान और राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान किया है।
बताया गया कि कार्यक्रम में सतीश महाना करीब 40 मिनट तक मौजूद रहे और उन्होंने ‘शिक्षा प्रभा’ पुस्तक का विमोचन भी किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्यों से ईमानदारी के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
uttar pradesh viral video congress Unnao unnao news उन्नाव कांग्रेस political controversy national anthem वायरल वीडियो satish mahana उन्नाव समाचार School Event स्कूल कार्यक्रम राजनीतिक बयानबाजी Social Media Controversy सोशल मीडिया विवाद राष्ट्रगान Guard of Honour Uttar Pradesh Assembly Speaker सतीश महाना उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष राष्ट्रगान विवाद दिनेश शुक्ला उन्नाव कांग्रेस प्रधानाचार्य परिषद शैक्षिक संगोष्ठी गार्ड ऑफ ऑनर विधानसभा अध्यक्ष सफाई राष्ट्रगान सम्मान संविधान सम्मान शिक्षा प्रभा पुस्तक National Anthem Controversy Dinesh Shukla Unnao Congress Principals Council Educational Seminar Speaker Clarification Respect for National Anthem Respect for Constitution Shiksha Prabha Book


Comments