रामपुर बरकोनिया पुलिस द्वारा हत्या के अभियोग का 24 घंटे के अन्दर सफल अनावरण, घटना में शामिल 03 अभियुक्त गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन बरामद
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) ऋषभ रूणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना रामपुर बरकोनिया पुलिस द्वारा हत्या के अभियोग का सफल अनावरण करते हुए अभियोग पंजीकृत होने के महज 24 घंटे के अन्दर घटना में शामिल 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
अभियुक्तों के कब्जे/निशानदेही से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दिनांक 15/16.08.2026 की रात्रि मृतक भारतदीप दुलारे राम कुंजुर पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी सिलथम, थाना रामपुर बरकोनिया, जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 19 वर्ष के अचानक गायब होने तथा बाद में उसका शव कसरहिया नदी पुल के नीचे पानी में मिलने की सूचना प्राप्त हुई। शव का पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक के परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त किए जाने पर दिनांक 17.08.2026 को थाना रामपुर बरकोनिया पर मु0अ0सं0-76/2026, धारा 3(5), 103(1), 351(3) बीएनएस बनाम शुभम पासवान एवं अन्य अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारीगण द्वारा गठित पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम द्वारा त्वरित साक्ष्य संकलन एवं जांच की गई। जांच में मृतक का एक लड़की से पूर्व में प्रेम प्रसंग तथा बाद में उक्त लड़की द्वारा अभियुक्त शुभम पासवान से बातचीत किए जाने को लेकर मृतक एवं अभियुक्त के मध्य विवाद एवं रंजिश की बात सामने आई। इसी रंजिश के चलते अभियुक्त द्वारा मृतक को पूर्व में धमकी दिए जाने की जानकारी भी प्राप्त हुई।
जांच में प्रकाश में आया कि दिनांक 15/16.08.2026 की रात्रि मृतक उक्त लड़की से मिलने गया था, जहां से लड़की द्वारा शुभम को सूचना दी गई। सूचना पर शुभम अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा तथा तीनों अभियुक्तों द्वारा मृतक के साथ मारपीट करते हुए गला/गर्दन दबाकर एवं पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी गई।
अभियोग पंजीकृत होने के बाद तीनों अभियुक्तगण दिनांक 17.08.2026 को उक्त मोटरसाइकिल से बाहर भागने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा हसुआ नदी पुल, बहद ग्राम करवनिया, थाना रामपुर बरकोनिया के पास से समय करीब 22:40 बजे तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण—शुभम कुमार पासवान पुत्र दीनानाथ पासवान, उम्र करीब 19 वर्ष निवासी ग्राम पटना, थाना रामपुर बरकोनिया, जनपद सोनभद्र,
संदीप कुमार उर्फ छोटू पुत्र सुग्रीव बिन्द, उम्र करीब 26 वर्ष निवासी ग्राम पटना, थाना रामपुर बरकोनिया, जनपद सोनभद्र,
आत्मानन्द उर्फ लप्पू गौतम पुत्र दुखन्ती, उम्र करीब 21 वर्ष निवासी ग्राम पटना, थाना रामपुर बरकोनिया, जनपद सोनभद्र।
बरामदगी का विवरण—घटना में प्रयुक्त 01 अदद मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रामसिंहासन शर्मा, थाना रामपुर बरकोनिया, जनपद सोनभद्र, का0 अजीत कुमार, थाना रामपुर बरकोनिया, जनपद सोनभद्र, का0 सुनील कुमार, थाना रामपुर बरकोनिया, जनपद सोनभद्र, का0 सुनील कुमार-II, थाना रामपुर बरकोनिया, जनपद सोनभद्र, का0 तेज प्रकाश यादव, थाना रामपुर बरकोनिया शामिल रहे।


Comments