विजयगढ़ दुर्ग के रामसरोवर पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यवस्थाएं सुदृढ़
कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता—जिलाधिकारी
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश -
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विजयगढ़ दुर्ग स्थित रामसरोवर एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर सुनिश्चित कराई जा रही हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा विजयगढ़ दुर्ग के ऊपर स्थित रामसरोवर के आसपास साफ-सफाई, चेंजिंग रूम एवं विद्युतीकरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गई हैं। वहीं अपर मुख्य जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा दुर्ग के पीछे के मार्ग पर भी विद्युतीकरण का कार्य कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को आवागमन के दौरान पर्याप्त प्रकाश की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विजयगढ़ दुर्ग स्थित रामसरोवर से जल लेकर शिवद्वार धाम जाने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण कराई जाएं तथा मार्ग, प्रकाश, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निर्धारित स्थलों पर ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


Comments