नामित सभासदों के शामिल होने के बाद बोर्ड की पहली बैठक

करीब एक करोड़ के विकास कार्यों पर बनी सहमति

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

महराजगंज/रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज में नामित सभासदों के शामिल होने के बाद बोर्ड की पहली बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास कार्यों सहित नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने पर जोर दिया गया।
 
बैठक में नगर की सड़कों पर जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण, इंटरलॉकिंग रोड एवं सीसी रोड निर्माण समेत अन्य जरूरी विकास कार्य कराए जाने पर चर्चा हुई। सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में जनहित से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की आवश्यकता जताई।
 
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए नगर में विशेष सफाई व्यवस्था, पर्याप्त शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तथा विद्युत प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी विचार-विमर्श किया गया। नगरवासियों को पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए जाने पर जोर दिया गया।
 
बैठक में शासन द्वारा संचालित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर योजना एवं मुख्यमंत्री सृजन योजना के अंतर्गत नगर में विकास कार्य कराए जाने पर विशेष जोर दिया गया। इन योजनाओं के तहत करीब एक करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया।
 
बैठक में नामित सभासद विजय कुमार धीमान, अनुपमा पांडेय और सूर्य प्रकाश वर्मा के साथ सभासद राजकुमारी, जमुना प्रसाद, मुस्ताक, रायनी, नुरुल हसन, धर्मेंद्र वर्मा, विनीत वैश्य, आफरीन, उषा त्रिपाठी, रामकुमार, राजकुमारी सहित बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद रहे। नगर पंचायत के लिपिक रामचंद्र बाबू समेत संबंधित कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
 
नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू ने कहा कि नगर का समुचित विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराकर सड़क, नाली, जल निकासी, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा

About The Author

Post Comments

Comments