वेयर हाउस के गार्ड पर बदमाशों ने की फायरिंग, छर्रे लगने से घायल

........खटपट की आवाज सुनकर जांच करने पहुंचे थे गार्ड, पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

गोसाईगंज। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित अंसल वेयर हाउस में शनिवार देर रात बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात गार्ड पर फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे लगने से गार्ड पंकज यादव घायल हो गए। उनके पेट के ऊपरी हिस्से और दाहिनी आंख की भौंह के पास छर्रे लगे हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
 
घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी दक्षिणी रल्ला पल्ली वसंथ कुमार, एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव और सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
 
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक, गोसाईगंज के उदवतखेड़ा निवासी पंकज यादव समेत अन्य गार्ड अंसल क्षेत्र स्थित वेयर हाउस में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान वेयर हाउस के पीछे की ओर से खटपट की आवाज सुनाई दी। गार्डों ने कुछ दूरी से आवाज लगाकर जानकारी लेने का प्रयास किया। आवाज की दिशा में पहुंचने पर वहां मौजूद एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। फायरिंग में निकले छर्रे पंकज यादव को लगे और वह जमीन पर गिर पड़े।
 
फायरिंग के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एडीसीपी दक्षिणी ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। टीमें संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें