नवीनतम
फीचर्ड
मायके में सांप के काटने से महिला की मौत, ससुराल पक्ष ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
मीरजापुर
मीरजापुर,। ड्रामंडगंज थाना क्षेत्र के नौगवां मलिपुर गांव निवासी 26 वर्षीय मीना पत्नी मंगला शंकर की मायके में सांप के काटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात मायके सोनगढ़ा गांव में पूजा कार्यक्रम के दौरान मीना जमीन पर सो रही थी, तभी जहरीले सांप ने उसकी जांघ में काट लिया। सांप के काटने के बाद परिजनों ने तत्काल महिला का प्राथमिक उपचार कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया।
इसके बाद परिजन महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी की, लेकिन मृतका के
ससुराल पक्ष के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतका का पति मंगला शंकर रोजगार के सिलसिले में प्रयागराज में रहता है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।


Comments