नवीनतम
फीचर्ड
डीएवी में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, तिरंगे को दी गई सलामी
स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रप्रेम एवं अनुशासन का दिया संदेश
संतोष कुमार गुप्ता ( संवाददाता)
बीजपुर/ सोनभद्र -
डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ शिक्षक डॉ. आर.के. झा द्वारा मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत से हुआ। इसके बाद प्राचार्य ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता को नमन किया और विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।

राष्ट्रगान के उपरांत एनसीसी कैडेट्स एवं परेड में शामिल विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। अपने संबोधन में प्राचार्य राजकुमार ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज कक्षाओं की बेंचों पर भारत का भविष्य बैठा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आप जैसा बनेंगे, देश वैसा ही बनेगा।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। रिद्धि सिंह ने कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन किया, जबकि ध्रुव भारद्वाज एवं प्रकृति श्रीवास्तव ने अपनी ओजपूर्ण वाणी से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। शिक्षक मनोज पाण्डेय के निर्देशन में विद्यार्थियों ने जोशीले देशभक्ति नारों का उद्घोष किया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक विजय कुमार तिवारी, डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव, अनन्त मोहन, एस.पी. तिवारी, जय सिंह, डी.सी. शुक्ला, समता सिंह, रंजना सिंह, मीना सिंह, नीरज गुप्ता, शगुफ्ता शबनम, शुभम, कृति सिंह, श्रेया पाठक, कंचन, पूजा सिंह, नम्रता चौधरी, अलीशा सिंह, संदीप दुबे सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सहभागिता की। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता एवं देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।


Comments