कबाड़ कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा, सख्त दिशा-निर्देश जारी
चोरी का सामान खरीदने, जलाने और ट्रैफिक बाधित करने पर होगी सख्त कार्रवाई
लुधियाना, स्वतंत्र प्रभात
पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना ने शहर में चल रही और नई खुलने वाली कबाड़ की दुकानों पर शिकंजा कसते हुए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चोरी का सामान और वाहन कबाड़ियों को बेचे जाने, कबाड़ जलाकर प्रदूषण फैलाने तथा सड़कों पर सामान रखकर यातायात बाधित करने की शिकायतों के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। आदेशों की अवहेलना या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कबाड़ कारोबारी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एडीशनल सी.पी. रुपिंदर सिंह का बयान
शहर के विभिन्न इलाकों में कुछ कबाड़ियों द्वारा बिना किसी खरीद-फरोख्त रिकॉर्ड के तार, ट्रांसफार्मर, दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व चोरी का सामान और वाहन कबाड़ में बेच देते हैं। इसके अलावा प्लास्टिक और तारों को खुले में जलाने से वायु प्रदूषण फैलने, बिजली चोरी तथा सड़कों पर कबाड़ रखने से ट्रैफिक बाधित होने की शिकायतें भी मिली हैं।
कबाड़ कारोबारियों के लिए प्रमुख निर्देश
• हर कबाड़ी को एक विशेष रजिस्टर रखना होगा, जिसमें सामान बेचने और खरीदने वाले व्यक्ति का पूरा नाम, पता, संपर्क नंबर तथा खरीदे-बेचे गए सामान का पूरा विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा।
• यह रजिस्टर प्रत्येक महीने के पहले सप्ताह में संबंधित जोन के ए.डी.सी.पी. के समक्ष जांच और सत्यापन के लिए प्रस्तुत करना होगा।
• पुरानी या कबाड़ गाड़ियों खरीदने वाले कबाड़ियों को संबंधित आरटीओ कार्यालय में जाकर वाहनों की आरसी रद्द करवाना अनिवार्य होगा।
• सभी मौजूद और नई कबाड़ की दुकानों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बिजली बोर्ड, फायर ब्रिगेड तथा नगर निगम लुधियाना से आवश्यक अनुमति और एनओसी हासिल करनी होगी।
• किसी भी प्रकार का अनधिकृत या चोरी का सामान खरीदने-बेचने पर रोक रहेगी।
• कबाड़, प्लास्टिक या तारों को खुले में आग लगाने पर भी पूर्ण पाबंदी लगाई गई है।
उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियम अनुसार होगी कार्रवाई : पुलिस कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना पुलिस की प्राथमिकता है।
air pollution pollution control Police Action पुलिस कार्रवाई प्रदूषण नियंत्रण traffic disruption वायु प्रदूषण लुधियाना Ludhiana Vehicle Theft Ludhiana Police Stolen Goods Ludhiana Municipal Corporation कबाड़ कारोबारी Scrap Dealers कबाड़ की दुकान Scrap Shops लुधियाना पुलिस सख्त दिशा-निर्देश Strict Guidelines चोरी का सामान वाहन चोरी कबाड़ कारोबार Scrap Business ट्रैफिक बाधित नगर निगम लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट Police Commissionerate


Comments