फीचर्ड
घरेलू विवाद के बाद 45 वर्षीय व्यक्ति ने जामुन के पेड़ से फांसी लगाकर दी जान।
बहरिया थाना क्षेत्र के ग्राम धमौर में गुरुवार सुबह 45 वर्षीय व्यक्ति का शव गांव से कुछ दूरी पर खेत में जामुन के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला।
स्वतंत्र प्रभात ।
प्रयागराज।
बहरिया थाना क्षेत्र के ग्राम धमौर में गुरुवार सुबह 45 वर्षीय व्यक्ति का शव गांव से कुछ दूरी पर खेत में जामुन के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही बहरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। प्रथम दृष्टया घरेलू विवाद के बाद अवसाद में आकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक नन्दलाल पुत्र स्वर्गीय रामअधार, निवासी ग्राम धमौर, थाना बहरिया, प्रयागराज, उम्र करीब 45 वर्ष था। ग्राम प्रधान धमौर मान सिंह यादव ने गुरुवार 20 अगस्त 2026 को सुबह करीब 7:35 बजे बहरिया पुलिस को सूचना दी कि गांव में एक व्यक्ति ने जामुन के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि नन्दलाल ने अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित केवलदास पटेल के खेत में लगे जामुन के पेड़ पर अपने पहने हुए शर्ट से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या की थी।
मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान, ग्रामीणों और मृतक के परिवारीजनों ने पुलिस को बताया कि नन्दलाल रोजी-रोटी के सिलसिले में भिवंडी, महाराष्ट्र गया हुआ था और करीब दो दिन पहले ही अपने घर वापस लौटा था। परिजनों के मुताबिक, घर लौटने के बाद 19 अगस्त को उसका अपनी पत्नी श्रीमती गुड़िया देवी से पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि मृतक शराब का भी आदी था।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में घरेलू विवाद के चलते नन्दलाल के तनाव और अवसाद में होने की बात सामने आई है।


Comments