नवीनतम
फीचर्ड
निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से मजदूर की मौत
.......बिजली मीटर से निकले नंगे तार की चपेट में आया युवक, सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में रविवार को निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने पहुंचे 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रानीखेड़ा मजरा वैरीशालपुर गांव निवासी सुंदरलाल का 22 वर्षीय पुत्र मनोज रविवार को मजदूरी करने के लिए मोहनलालगंज चौराहे पर आया था। इसी दौरान उसे फुलवरिया निवासी मोहम्मद अरमान पुत्र यार मोहम्मद के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी के लिए ले जाया गया।
बताया गया कि मकान में काम करने के दौरान बिजली मीटर से निकले नंगे तार की चपेट में आने से मनोज को जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मकान मालिक मोहम्मद अरमान आनन-फानन में मनोज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची मोहनलालगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद निर्माणाधीन मकान में बिजली के खुले और नंगे तारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


Comments