मुख्य सचिव ने भर्ती परीक्षाएं समयबद्ध कराने पर दिया जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
लखनऊ, 17 अगस्त।
प्रदेश में युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और विभिन्न चयन परीक्षाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने को लेकर मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को विभिन्न आयोगों एवं भर्ती बोर्डों के साथ बैठक हुई।
मुख्य सचिव ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने चयन आयोगों एवं भर्ती संस्थाओं से अपनी स्वायत्तता और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं को यथासंभव समयबद्ध तरीके से पूरा करने की अपेक्षा की, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
उन्होंने चयन परीक्षाओं के आयोजन, परिणाम जारी करने, अभिलेख सत्यापन और नियुक्ति संबंधी प्रक्रियाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर एवं निर्धारित समयसीमा का प्रभावी पालन करने पर जोर दिया। लंबित प्रक्रियाओं की नियमित समीक्षा कर आवश्यक समन्वय करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, शुचिता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के अधिकाधिक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे परीक्षाएं सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय बनेंगी तथा अभ्यर्थियों को भी कम असुविधा होगी।
बैठक में विभिन्न आयोगों एवं भर्ती बोर्डों के अधिकारियों ने भर्ती परीक्षाओं की प्रगति और परीक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। साथ ही भर्ती प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, प्रमुख स्टाफ ऑफिसर अमृता सोनी सहित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Comments