80वें स्वतंत्रता दिवस पर कानपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, बाइक रैली में दिखा देशभक्ति का उत्साह
महिला पुलिसकर्मियों ने बाइक रैली में लिया हिस्सा, करीब 300 पुलिसकर्मी हुए शामिल
कानपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर की ओर से शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा एवं बाइक रैली निकाली गई। रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू हुई यात्रा को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बाइक रैली में महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति के साथ महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा रिजर्व पुलिस लाइन से लाल इमली चौराहा, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नानाराव पार्क, वीआईपी रोड और जिलाधिकारी कार्यालय होते हुए सरसैया घाट चौराहा पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा में कोतवाली थाना, महिला थाना, पुलिस लाइन सहित विभिन्न थानों की महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा मिशन शक्ति टीमों के करीब 300 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने तथा अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय दिनेश त्रिपाठी, अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय स्नेहा तिवारी, अपर पुलिस उपायुक्त योगेश कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त अर्चना सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त स्वरूपनगर ज्योतिश्री, सहायक पुलिस आयुक्त सीसामऊ प्रगति यादव, सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज आकांक्षा पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि वीर जवानों के बलिदान, देश की एकता-अखंडता और करोड़ों भारतीयों के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने की अपील की।


Comments