लखनऊ में विद्युत संविदा कर्मचारियों का सत्याग्रह, 14 मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

........आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा निगम में शामिल करने, छंटनी रोकने और मानदेय बढ़ाने समेत उठाई गईं मांगें 

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लखनऊ। विद्युत संविदा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को राजधानी लखनऊ में सत्याग्रह किया गया। विद्युत संविदा मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आयोजित सत्याग्रह में कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इसके बाद अधीक्षण अभियंता के प्रतिनिधि के रूप में इंजीनियर जयप्रकाश, 33 केवी मध्य क्षेत्र लेसा को ज्ञापन सौंपा गया।

लखनऊ में विद्युत संविदा कर्मचारियों का सत्याग्रह, 14 मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
 
ज्ञापन में सरकार द्वारा गठित आउटसोर्स सेवा निगम में विद्युत विभाग में कार्यरत सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को शामिल करने, संविदा कर्मचारियों की छंटनी पर रोक लगाने और पूर्व में हटाए गए कर्मचारियों को वापस लेने की मांग की गई। इसके अलावा निर्धारित मानदेय में वृद्धि, अतिरिक्त कार्य के लिए नियमानुसार अतिरिक्त भुगतान और कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
 
संगठन ने फेसियल अटेंडेंस व्यवस्था को व्यावहारिक बनाने तथा संविदा कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 55 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में कुल 14 प्रमुख मांगों का उल्लेख किया गया।
 
संगठन के नेताओं ने कहा कि विद्युत संविदा कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में लगातार काम कर विभाग और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं हो सका है। संगठन ने शासन और विभागीय प्रबंधन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
 
सत्याग्रह एवं ज्ञापन कार्यक्रम में विद्युत मजदूर संगठन के अध्यक्ष एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन के मीडिया प्रभारी विमल चंद्र पांडेय, संगठन के प्रभारी पुनीत राय, गोविंद मिश्रा, माता प्रसाद पांडेय, नरेश श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, इमरान, बबलू, राकेश शुक्ला, अंकित वर्मा, नीरज कुमार पांडेय, रियाज अली, शुभम यादव, मोहम्मद अजीम, अशोक गुप्ता, अभिषेक, संदीप, मनोज, नीरज और अंकित सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी व संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें