शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे बेटे को पिता ने डांटा, चाकू से गर्दन पर किया वार

.......मां, बेटी और बहू के सामने हंगामा करने से रोकने पर भड़का युवक, गंभीर घायल पिता ट्रॉमा सेंटर रेफर

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज। सिसेंडी के उत्तरगांव में शुक्रवार को शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे बेटे को डांटना बुजुर्ग पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि नाराज बेटे ने चाकू से पिता की गर्दन पर वार कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे मोहनलालगंज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
 
उत्तरगांव निवासी बाबूलाल का बेटा शिव कुमार शुक्रवार को शराब के नशे में घर पर गाली-गलौज कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, शिव कुमार शराब पीने का आदी है और आए दिन नशे में हंगामा करता है। शुक्रवार को भी वह घर में गाली-गलौज कर रहा था। घर में मां, बेटी और बहू के सामने इस तरह गाली-गलौज करने पर बाबूलाल ने उसे डांटते हुए ऐसा करने से मना किया।
 
आरोप है कि पिता की डांट से नाराज शिव कुमार ने चाकू उठाकर उनकी गर्दन पर वार कर दिया। चाकू लगते ही बाबूलाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। पिता को घायल देखकर छोटे बेटे अजीत ने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें मोहनलालगंज के निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर रामबाबू ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें