जिला कारागार में निकली तिरंगा यात्रा, बंदियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

.........हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वरिष्ठ अधीक्षक ने 15 अगस्त को घरों पर झंडा फहराने के दिए निर्देश

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस से पहले जिला कारागार लखनऊ में शुक्रवार को देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। वरिष्ठ अधीक्षक आरके जायसवाल के नेतृत्व में कारागार परिसर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में कारागार के अधिकारी, कर्मचारी और बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
 
कारागार प्रशासन के अनुसार तिरंगा यात्रा का शुभारंभ द्वितीय द्वार से हुआ। यात्रा गिरदा प्रांगण से होते हुए चक्र संख्या-5, 3, 2, 1 और 4 से होकर महिला परिसर पहुंची। इसके बाद यात्रा कारागार के मुख्य द्वार पर पहुंचकर समाप्त हुई।
 
यात्रा के दौरान विभिन्न चक्रों में बंदियों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगे का स्वागत किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा कारागार परिसर गूंज उठा। बंदियों में देशभक्ति और उत्साह दिखाई दिया।
 
यात्रा के समापन पर वरिष्ठ अधीक्षक आरके जायसवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को 15 अगस्त के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
 
इस दौरान जेलर ऋतिक प्रियदर्शी, सुनील दत्त मिश्र, अभय कुमार शुक्ल समेत सभी डिप्टी जेलर, बंदीरक्षक और बड़ी संख्या में बंदी मौजूद रहे। कारागार प्रशासन के अनुसार ऐसे आयोजनों से बंदियों में सकारात्मक सोच और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा मिलता है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें