एक ही जीएसटी बिल पर तीन बार ढोया माल, निगोहां पुलिस ने पकड़ा खेल

......टोल प्लाजा से बचने को दूसरे रास्तों से ले जाया जा रहा था पान मसाला-तंबाकू का माल, वाहन और चालक राज्य कर विभाग के हवाले

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

निगोहां, लखनऊ। निगोहां पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान जीएसटी चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक एक ही जीएसटी बिल और ई-वे बिल का इस्तेमाल कर पान मसाला व तंबाकू उत्पाद से लदे वाहन से तीन बार माल का परिवहन किया जा रहा था। टोल प्लाजा और राज्य कर विभाग के अधिकारियों की नजर से बचने के लिए वाहन को दूसरे रास्तों से निकाला जाता था। पुलिस ने वाहन, माल और चालक को राज्य कर विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया है।
 
पुलिस के अनुसार रविवार रात ग्राम रतनपुर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान टीम ने वाहन संख्या UP-32-QN-4810 को रोककर तलाशी ली। वाहन में पान पारस पान मसाला और तंबाकू उत्पाद लदे मिले। चालक दिनेश कुमार गिरी पुत्र शिव गिरी निवासी ग्राम राषोपुर, थाना गौरीगंज, अमेठी से माल से संबंधित दस्तावेज मांगे गए। चालक ने पुलिस को जीएसटी बिल और ई-वे बिल दिखाया।
 
दस्तावेजों की जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि एक ही जीएसटी बिल और ई-वे बिल का इस्तेमाल कर तीन बार माल का परिवहन किया गया था। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि टोल प्लाजा और राज्य कर विभाग के अधिकारियों की नजर से बचने के लिए वाहन को दूसरे रास्तों से निकाला जाता था।
 
मामला जीएसटी और कर चोरी से संबंधित होने की जानकारी मिलने पर निगोहां पुलिस ने तत्काल राज्य कर विभाग को सूचना दी। सूचना पर राज्य कर विभाग के असिस्टेंट डिप्टी कमिश्नर अमित तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन में लदे माल तथा दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद पुलिस ने वाहन, माल और चालक को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए राज्य कर विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया।
 
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि संदिग्ध वाहनों की नियमित चेकिंग के दौरान वाहन की जांच की गई थी। दस्तावेजों में प्रथम दृष्टया एक ही जीएसटी बिल पर कई बार माल के परिवहन की बात सामने आई है। मामला कर चोरी से संबंधित होने के कारण राज्य कर विभाग को सूचना देकर वाहन, माल और चालक को उनके सुपुर्द कर दिया गया है। विभागीय स्तर पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार यादव, कांस्टेबल रोहित कुमार, शुभम कुमार और अमित कुमार शामिल रहे।

About The Author

Post Comments

Comments