सोशल मीडिया पर खबर वायरल होते ही पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मुकदमा

........दुकान का शटर तोड़कर तीन लाख रुपये और पान मसाला चोरी करने का आरोप, पीड़ित कई दिनों से लगा रहा था कार्रवाई की गुहार

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के फत्तेखेड़ा गांव में दुकान का शटर तोड़कर करीब तीन लाख रुपये और पान मसाला चोरी किए जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि वह घटना के बाद से कनकहा चौकी के चक्कर लगाकर कार्रवाई की मांग कर रहा था, लेकिन उसे लगातार टरकाया जाता रहा। चोरी की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
 
फत्तेखेड़ा निवासी राम प्रताप पुत्र राम किशुन के मुताबिक बीती शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने उसकी दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया। चोर दुकान के अंदर रखी पान मसाले की बोरी, गल्ले में रखे एक हजार रुपये और मिट्टी की गुल्लक में रखे करीब तीन लाख रुपये चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और कनकहा चौकी पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
 
पीड़ित का आरोप है कि पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने अधिकारियों से शिकायत की। इसी बीच चोरी की घटना से जुड़ी खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। खबर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा और आनन-फानन में मोहनलालगंज पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
 
इलेक्ट्रॉनिक सर्विस की दुकान भी बनी निशाना
 
बताया जा रहा है कि इसी रात मोहनलालगंज के गौरा तिराहे पर स्थित मो. दानिश की इलेक्ट्रॉनिक सर्विस की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां से टूल किट बैग और कॉपर पाइप चोरी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों घटनाओं को लेकर जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें