अफ़सरशाही की लापरवाही: कटेहरी बसंतपुर क्लस्टर में 1 महीने से सचिव का पद खाली, जनता बेहाल

जनता का सीधा सवाल है कि आखिर अधिकारियों की इस सुस्ती और लापरवाही की सजा आम नागरिक क्यों भुगते?

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

कटेहरी (अम्बेडकरनगर): विकासखंड कटेहरी के बसंतपुर क्लस्टर में प्रशासनिक लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। पिछले एक महीने से अधिक समय से यहां किसी सचिव की तैनाती नहीं हुई है। इस गंभीर लापरवाही के कारण क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम सभाओं के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। सबसे बड़ी मार उन आम नागरिकों पर पड़ रही है जो अपने जरूरी दस्तावेजों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।

21 दिन की समयसीमा बीती, अब तहसील की दौड़ लगाने को मजबूर जनता
नियम के मुताबिक, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र आवेदन के 21 दिनों के भीतर ब्लॉक स्तर पर आसानी से बन जाने चाहिए। सचिव न होने के कारण यह समयसीमा पार हो चुकी है। अब नियमों के फेर में फंसी जनता को इन प्रमाण पत्रों के लिए तहसील के चक्कर काटने पड़ेंगे। जो काम गांव और ब्लॉक स्तर पर आसानी से हो सकता था, वह अफ़सरों की सुस्ती के कारण अब आम जनता के लिए भारी मुसीबत बन गया है।

डीपीआरओ के खोखले आश्वासन, 15 दिनों से सिर्फ मिल रही 'तारीख पर तारीख'
इस गंभीर समस्या को लेकर जब जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) से संपर्क किया गया, तो पिछले 15 दिनों से सिर्फ खोखले आश्वासन ही मिल रहे हैं। डीपीआरओ हर बार फोन पर यही रटा-रटाया जवाब देते हैं कि "आज काम हो जाएगा" या "कल सचिव की तैनाती कर दी जाएगी"। लेकिन हकीकत यह है कि आज तक बसंतपुर क्लस्टर को कोई सचिव नहीं मिला है।अफ़सरों के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जनता का सीधा सवाल है कि आखिर अधिकारियों की इस सुस्ती और लापरवाही की सजा आम नागरिक क्यों भुगते?

About The Author

Post Comments

Comments