नगराम पुलिस ने दो गांजा तस्करों को दबोचा, 16 लाख का गांजा बरामद
......बहराइच से गांजा लाकर लखनऊ समेत आसपास के जिलों में करते थे सप्लाई, तस्करी के लिए खरीदी थी ईको स्पोर्ट कार
लखनऊ। नगराम पुलिस ने अंतरजनपदीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से छह बोरियों में रखा कुल 78.330 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ईको स्पोर्ट कार, दो आईफोन और 12,500 रुपये नकद भी बरामद कर जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी बहराइच से गांजा लाकर लखनऊ सहित आसपास के जिलों में अपने साथियों के माध्यम से ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देश पर अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 अगस्त 2026 को नगराम पुलिस टीम नगराम-गंगागंज मार्ग स्थित हुसैनाबाद तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक काले रंग की ईको स्पोर्ट कार को संदिग्ध अवस्था में आते देखा। पुलिस टीम ने कार को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसमें रखी छह बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गांजे का वजन करने पर कुल 78.330 किलोग्राम निकला।
पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम प्रिंस जायसवाल पुत्र रामप्रकाश जायसवाल, निवासी ग्राम समेसी तथा अभिजीत पटेल उर्फ सेना पुत्र काशीप्रसाद, निवासी भाटन टोला, कस्बा नगराम बताया। पुलिस के अनुसार दोनों की उम्र क्रमशः 25 और 26 वर्ष है तथा दोनों 12वीं तक शिक्षित हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे एक संगठित गिरोह के माध्यम से गांजा तस्करी करते हैं और बहराइच से कम कीमत पर गांजा खरीदकर लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी समेत आसपास के जिलों में अपने साथियों के जरिए ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी बताया कि गांजा तस्करी से होने वाले मुनाफे से उन्होंने ऐशो-आराम की वस्तुएं खरीदी थीं। आरोपियों के पास से बरामद दो आईफोन भी इसी कमाई से खरीदे जाने की बात सामने आई है। वहीं आरोपी प्रिंस जायसवाल ने कथित तौर पर बताया कि उसने गांजा तस्करी और उसकी सप्लाई के लिए ही ईको स्पोर्ट कार खरीदी थी और इसी वाहन से गांजे की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाई जाती थी।
नगराम पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 122/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े कथित गिरोह के अन्य सदस्यों और गांजा सप्लाई के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
lucknow news lucknow police bahraich news Ndps Act गांजा तस्कर गिरफ्तार लखनऊ समाचार पुलिस की बड़ी कार्रवाई Police Action लखनऊ पुलिस गांजा तस्करी मादक पदार्थ तस्करी Ganja Smuggling Nagaram News नगराम न्यूज Ganja Smugglers Arrested 78 किलो गांजा बरामद 78.330 KG Ganja 16 लाख का गांजा Ganja Seized Narcotics News Drug Smuggling News NDPS News नगराम पुलिस Nagaram Police अंतरजनपदीय तस्करी Inter District Smuggling बहराइच से लखनऊ गांजा सप्लाई


Comments