दुकान का शटर तोड़कर पान मसाला और गुल्लक में रखे लाखों रुपये चोरी
.......सीसीटीवी फुटेज मिलने के बावजूद कार्रवाई न होने का दुकानदार ने लगाया आरोप, थाने में दी तहरीर
मोहनलालगंज। फत्तेखेड़ा मजरा कनकहा में रायबरेली रोड स्थित परचून की दुकान का शटर तोड़कर चोर पान मसाला और मिट्टी की गुल्लक में रखे करीब दो से तीन लाख रुपये चोरी कर ले गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और सीसीटीवी फुटेज भी देखी। पीड़ित दुकानदार ने कनकहा चौकी पुलिस पर सूचना देने के बावजूद कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मोहनलालगंज थाने में तहरीर दी है।
फत्तेखेड़ा निवासी राम प्रताप पुत्र राम किशुन रायबरेली रोड पर परचून की दुकान चलाते हैं। उनके मुताबिक शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 3:36 बजे गांव के लोगों ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की जानकारी दी। राम प्रताप तत्काल दुकान पहुंचे तो शटर आधा खुला मिला। उन्होंने 112 पर पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद 112 पुलिस के साथ चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुकान की जांच कर वीडियो बनाया।
राम प्रताप के अनुसार दुकान से एक बोरी पान मसाला गायब मिली। इसके अलावा करीब तीन वर्षों से बचत के लिए मिट्टी की बड़ी गुल्लक में जमा किए जा रहे 200 और 500 रुपये के नोट भी चोर गुल्लक तोड़कर ले गए। दुकानदार ने गुल्लक में करीब दो से तीन लाख रुपये होने का दावा किया है।
सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि उसने रविवार सुबह कनकहा चौकी प्रभारी को घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की थी। दुकान में चोरी करने वाले संदिग्धों की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने देखी, लेकिन इसके बावजूद अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज पीड़ित ने मोहनलालगंज थाने में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
चोरी की घटना की सूचना मिलने और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद कार्रवाई में देरी के आरोप से कनकहा चौकी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि चोरी की रकम और घटना में शामिल आरोपियों की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी। सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
swatantra prabhat स्वतंत्र प्रभात uttar pradesh crime news lucknow crime news दुकान में चोरी cctv footage mohanlalganj news police investigation चोरी का मामला Cash Theft Case Shop Theft Lucknow मोहनलालगंज चोरी फत्तेखेड़ा कनकहा शटर तोड़कर चोरी पान मसाला चोरी गुल्लक से लाखों रुपये चोरी कनकहा चौकी पुलिस पुलिस कार्रवाई में देरी चोरी की तहरीर परचून दुकान चोरी


Comments