स्टैंड पंखे में उतरे करंट की चपेट में आई महिला की मौत

.......हादसे के बाद इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, डेढ़ साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के राजाखेड़ा गांव में गुरुवार दोपहर स्टैंड वाले पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
 
पुलिस के मुताबिक, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि राजाखेड़ा गांव में स्टैंड वाले पंखे से करंट लगने के कारण एक महिला की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व परिजनों से घटना की जानकारी ली।
 
मृतका की पहचान गीतारानी पत्नी प्रमोद कुमार, निवासी राजाखेड़ा, के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार दोपहर घर में स्टैंड वाले पंखे के संपर्क में आने से गीतारानी को करंट लग गया। करंट की चपेट में आने के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
 
परिजनों के अनुसार, गीतारानी की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उसका करीब डेढ़ वर्ष का पुत्र प्रिंस है। मां की अचानक मौत से मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें