आजाद पार्क से गूंजा देशभक्ति का संदेश, ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का शुभारंभ

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद किया

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रयागराज। आजादी के अमृत भाव और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ रविवार को प्रयागराज में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल से अभियान की शुरुआत करते हुए शहर में तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद किया।
 
कार्यक्रम के तहत चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर-1 से तिरंगा रैली निकाली गई, जिसे मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती हर्षिका सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठनों से जुड़े लोग तथा गणमान्य नागरिक शामिल हुए। तिरंगे के साथ आगे बढ़ती रैली ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
 
रैली के अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्य अतिथि एवं उपस्थित लोगों ने अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और देश की आजादी के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
 
कार्यक्रम का संयोजन पाण्डुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर एवं क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी राकेश कुमार वर्मा द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन संस्कृति विभाग के हरिश्चंद्र दुबे ने किया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें