श्रीभूमि जिले के पाथारकांदी में देशभक्ति के रंग में रंगा BSF का भव्य बाइक रैली

बीएसएफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में 50 से अधिक बीएसएफ जवानों ने हिस्सा लिया

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

श्रीभूमि: असम के हर जिले के साथ-साथ श्रीभूमि जिले के पाथारकांदी में भी: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने और आम लोगों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पाथारकांदी में सीमा सुरक्षा बल BSF की ओर से भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। भारत-बांग्लादेश सीमा स्थित लक्ष्मीपुर बीएसएफ कैंप और दोहालीया 15वीं बटालियन बीएसएफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में 50 से अधिक बीएसएफ जवानों ने हिस्सा लिया।
 
दोहालीया बीएसएफ कैंप से तिरंगा झंडे से सजी बाइकों के साथ रैली शुरू हुई। देशभक्ति गीतों से गूंजते वातावरण में जवानों ने करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय की। रैली दोहालीया कैंप से निकलकर पाथारकांदी शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए लक्ष्मीपुर स्थित भारत-बांग्लादेश सीमा के बीएसएफ बीओपी कैंप पहुंची। रैली को देखते हुए पाथारकांदी प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गई। प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग से रैली शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
 
बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, 8 से 16 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इस बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के समापन के बाद बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय छात्र-छात्राओं के बीच राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए। साथ ही आम लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया।
 
कार्यक्रम के दौरान बीएसएफ जवानों ने स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इस अवसर पर सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के साथ बीएसएफ के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने का संदेश दिया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ। इस अवसर पर आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने के लिए आम लोगों से आह्वान किया गया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें