नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
नाबालिग को भगाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
........पीड़िता पहले ही सकुशल बरामद, पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा; आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया
मोहनलालगंज, लखनऊ। नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने पीड़िता को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री को रोशन सिंह निवासी आर.के. कॉलोनी, मोहनलालगंज बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तलाश अभियान चलाकर पहले पीड़िता को सकुशल बरामद किया। इसके बाद गुरुवार को आरोपी रोशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। मेडिकल परीक्षण और विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म की धाराएं तथा पॉक्सो अधिनियम भी बढ़ाई गईं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पीड़िता से शादी करना चाहता था, इसलिए उसे अपने साथ ले गया था। हालांकि पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


Comments